देवरिया पुलिस ने तीन शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, लाखों के जेवर बरामद
देवरिया, 10 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले की सदर कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन शातिर चाेराें काे गिरफ्तार किया है। इन चाेराें के गिरफ्तार हाेने पर जिले में हुई कई चोरी की घटनाओं का बुधवार को पुलिस ने सफल खुलासा किया है।पुलिस ने उनके कब्जे से सोने-चांदी के बड़ी मात्रा में चोरी के जेवर बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में पत्रकारों से बताया कि आरोपितों की पहचान राघवनगर निवासी संदीप गुप्ता उर्फ बुलबुल (20), अंकित गुप्ता (18) और पूनम गुप्ता (40) के रूप में हुई है। तीनों को पुलिस ने एक सूचना के बाद मालगोदाम क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। तलाशी के दाैरान पुलिस काे इनके पास से भारी संख्या में जेवर मिले हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने भुजौली कॉलोनी, सोंदा तथा रामपुर कारखाना क्षेत्र के बरारी उर्फ मछरीगांव में बंद मकानों का ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। चोरी के बाद दोनों युवक जेवर और नकदी आपस में बांट लेते थे, जबकि अंकित की मां पूनम गुप्ता चोरी के सामान को अपने पास रखती थी। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपितों ने मदनपुर, भलुअनी और महुआडीह थाना क्षेत्रों में भी चोरी की कई घटनाएं की थीं। कुछ चोरी का सामान उन्होंने राहगीरों को सस्ते दामों में बेच दिया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पहले से भी चोरी और अन्य अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की गई है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

