home page

बाराबंकी : घर में चोरी करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
बाराबंकी : घर में चोरी करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार


बाराबंकी, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में स्वाॅट, सर्विलांस और हैदरगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घर में घुसकर चोरी की घटना करने वाले तीन आरोपितों को बीती रात रविवार काे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी से संबंधित साेने-चांदी के जेवरात, दाे मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को संयुक्त पुलिस टीम ने चीनी मिल नहर पुल लाही मोड़ के पास से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के रानीखेर मजरे टिकरा निवासी दुर्गेश और दिलीप पासी तथा अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के टिकरी निवासी सूरज पासी शामिल हैं।

थाना प्रभारी अनिल कुमार पाण्डेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों ने 31 जुलाई और एक अगस्त की रात हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुमेदान मजरे अंसारी में एक मकान में घुसकर बक्से का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में उक्त आराेपिताें काे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में चोरी की संपत्ति रखने से संबंधित धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ा दी है। तीनों आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में थाना पुलिस के साथ स्वाट टीम प्रभारी अंकित त्रिपाठी, सर्विलांस प्रभारी अजय सिंह नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी