जानलेवा हमला, फिर जान से मारने के लिए किया अपहरण, मैनपुरी के साथी सहित तीन अभियुक्त गिरफ्तार
फिरोजाबाद, 04 नवंबर (हि.स.)। थाना सिरसागंज पुलिस टीम ने बुधवार को जान से मारने की नीयत से अपहरण की घटना कारित करने वाले 03 अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी को कार्रवाई कर जेल भेजा है।
थाना सिरसागंज के सोथरा रोड़ निवासी सुमित पुत्र शिवकान्त निवासी सोथरा रोड सिरसागंज अपने दोस्त के साथ 3 नवंबर को रात्रि के समय करीब 10 बजे बस स्टैण्ड सिरसागंज के पास मोमोस खा रहा था तभी अभियुक्तगण अमित पुत्र प्रवेश कुमार, पीयूष पुत्र विनय कुमार निवासीगण नगला भूपाल थाना सिरसागंज व मोहित पुत्र राजेश निवासी ग्राम अटल चौक के सामने कोतवाली मैनपुरी जनपद मैनपुरी अपने साथियों अभियुक्तगण पवन पुत्र आशाराम, निशान्त पुत्र मुग्गाराम, सत्यम पुत्र अवधेष कुमार, रविकान्त, रोहित निवासीगण नगला भूपाल थाना सिरसागंज के साथ आये। इन अभियुक्तगणों ने पीड़ित सुमित पर जान से मारने की नीयत से औरा गाडी को चढ़ाने की कोशिश की तथा उसके बच जाने पर उसको गाडी में डालकर अपहरण कर ले गये तथा गाडी में डालकर मारपीट की, तंमचा तानकर जान मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी।
थाना प्रभारी सिरसागंज अनिल कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ बुधवार को नामजद अभियुक्तगण अमित पुत्र प्रवेश कुमार, पीयूष पुत्र विनय कुमार निवासीगण नगला भूपाल थाना सिरसागंज व मोहित पुत्र राजेश निवासी ग्राम अटल चौक के सामने कोतवाली मैनपुरी जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त की गयी गाडी व जान से मारने की धमकी देने में प्रयुक्त अवैध तंमचा, कारतूस बरामद किए है। पुलिस ने कार्रवाई कर इन्हे जेल भेजा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

