पुलिस पर फायरिंग करने वाले तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार
बहराइच, 01 अगस्त (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में जरवल रोड थाना पुलिस ने शनिवार को पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास करने वाले तीन आरोपितों को मुठभेड़ जैसी स्थिति के बीच घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से दो देशी तमंचे, कारतूस, एक बांका, एक चाकू तथा अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जरवल रोड पुलिस शनिवार को क्षेत्र में दबिश दे रही थी। इसी दौरान दातारामपुरवा मोड़ के पास सड़क किनारे तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। पीछा करने पर आरोपितों ने अवैध तमंचों से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने सतर्कता बरतते हुए घेराबंदी कर तीनों को सकुशल दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अशरफ पुत्र शरीफुल, शरीफुल पुत्र अहमद हसन तथा अकरम पुत्र शरीफुल, निवासी ग्राम हरचंदा, थाना जरवल रोड के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान 315 बोर और एक 12 बोर का देशी तमंचा, 315 बोर का एक खोखा, दो जिंदा कारतूस, एक बांका, एक चाकू तथा प्लास्टिक की रस्सी बरामद हुई। इस संबंध में थाना जरवल रोड पर भारतीय न्याय संहिता एवं शस्त्र अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
थानाध्यक्ष सन्तोष कुमार सिंह ने बताया कि तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों में दो के विरुद्ध पहले से हत्या के प्रयास, लूट, गोवध, गैंगस्टर, एनडीपीएस, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि तीसरे आरोपित का भी आपराधिक इतिहास है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

