यात्रियों से जहरखुरानी करने वाले पिता-पुत्र समेत तीन गिरफ्तार, झोलाछाप डॉक्टर फरार
जौनपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की शाहगंज और खेतासराय पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को जहरखुरानी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किय हैं। गिराेह में शामिल पिता-पुत्र समेत तीन अपराधियाें काे गिरफ्तार किया गया, नशीला पदार्थाें की सप्लाई करने वाला झोलाछाप डॉक्टर अब भी फरार है।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव ने शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि शाहगंज और खेतासराय पुलिस की संयुक्त टीम ने चिरैया मोड़, बिलार मऊ रोड पर चेकिंग के दौरान तीन अपराधियाें काे गिरफ्तार किया है।इनकी पहचान आजमगढ़ जिले के शंभुपुर ब्लूअह्वा निवासी हनुमान निषाद, उनका बेटा अंकित निषाद और आकाश यादव के रूप हुई हैं। इनके पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, नशीला पाउडर, एक अल्टो कार और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है।
पूछताछ में अभियुक्ताें ने पुलिस काे बताया कि वह लाेग गिराेह बनाकर पहले बस या ट्रेन में सफर करते हुए यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखते और अनुमान लगाते है कि उनके पास कितना कीमती सामान हो सकता है। फिर वह लाेग यात्री से दोस्ती करते थे फिर उनकाे विश्वास में लेकर चाय, कॉफी या अनार के जूस में डायजापाम और नशीला पदार्थ मिलाकर पिला देते हैं। नशीला पदार्थ सेवन के 15 से 20 मिनट के भीतर ही यात्री बेहोश हो जाता फिर उनके कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं। लूटे गए गहनों को जलालपुर क्षेत्र में बेचा जाता था।
एएसपी नगर ने बताया कि यक्ष एप की मदद से पुलिस ने पहले अंकित निषाद की पहचान की, जिसके बाद पूरे गिरोह तक पहुंच बनाई गई। पीड़ितों को फोटो दिखाने पर उन्होंने आरोपिताें की पहचान भी की। यह गिरोह आजमगढ़, सुल्तानपुर और भदोही सहित कई जिलों में वारदातों को अंजाम दे चुका है। अपराधी हनुमान निषाद पर 38, अंकित निषाद पर 33 और आकाश यादव पर 10 मुकदमे दर्ज हैं। तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, इन लोगों को नशीला पदार्थ उपलब्ध कराने वाला झोलाछाप डॉक्टर विपिन प्रजापति अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

