श्रावस्ती : भारत-नेपाल सीमा पर 6.820 किलो चरस बरामद, तीन गिरफ्तार
श्रावस्ती, 11 अक्टूबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिरसिया थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 6 किलो 820 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 17 लाख रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने रविवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि 10 अक्टूबर को एसएसबी की 62वीं वाहिनी की टीम से सूचना मिलने के बाद सिरसिया थाना पुलिस सुइया स्थित एसएसबी कैंप पहुंची। इसके बाद संयुक्त टीम ने सिरहनिया मोड़ तालबघौड़ा से भचकाही नाका रोड की ओर जाने वाले मोड़ पर चेकिंग के दौरान नेपाल की तरफ से मोटरसाइकिल से आ रहे तीन लोगों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से 6 किलो 820 ग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तराई के हरैया निवासी लवकुश पांडेय, मोतीपुर बड़रहवा निवासी दिवाकर वर्मा और चरईडीह निवासी कैलाश नाथ वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ सिरसिया थाना में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

