home page

सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की घटना

 | 
सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की घटना


उरई, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उरई में कालपी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक सूने मकान में घुसे चाेराें ने जेवरात और नकदी समेत लाखों रुपये की चोरी की वारदात कर फरार हाे गए। चोरी की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर साेमवार काे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला अदलसराय निवासी महफूज खां किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान रविवार बीती देर रात अज्ञात चोर उनके मकान का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हाे गए। चाेराें ने कमराें में रखी अलमारियों और बक्सों को खंगालते हुए करीब तीन लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 64 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। सोमवार की सुबह जब गृहस्वामी महफूज खां अपने घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे देख चाेरी की जानकारी हुई। घर के अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से जेवर व नकदी गायब थी। उन्हाेंने चाेरी की

सूचना तत्काल कालपी कोतवाली पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली ताे एक संदिग्ध चोर घर के आसपास आता-जाता दिखाई दिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

कालपी कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा