छज्जा तोड़कर घर में चोरी करने वाले गिरोह के छह आरोपित गिरफ्तार
मीरजापुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में कछवां थाना क्षेत्र की पुलिस ने शनिवार को छज्जा तोड़कर घर में घुसे एक चोर गिरोह के छह शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
कछवां थाना प्रभारी अमरजीत चौहान ने बताया कि 6 अप्रैल को बरैनी निवासी दिनेश कुमार सिंह ने घर का छज्जा तोड़कर अंदर दाखिल होकर चोरी घटना की तहरीर दी थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने सुराग लगाकर सुरेश यादव पुत्र लालमनी यादव निवासी सहसेपुर, थाना औराई (भदोही), स्वतंत्र कुमार उर्फ पिंटू पुत्र प्यारेलाल निवासी ग्राम गौड़, थाना मिर्जामुराद (वाराणसी), शिवदयाल पुत्र रमाशंकर निवासी टाड़, थाना कोतवाली देहात, आकाश यादव उर्फ आदर्श पुत्र मुन्ना यादव निवासी बजहां, वैभव सिंह उर्फ बाबी पुत्र भाला सिंह निवासी सहसेपुर, थाना औराई (भदोही) तथा अर्जुन शर्मा पुत्र सुरेन्द्र शर्मा निवासी बजहा को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से बैटरी, इन्वर्टर, बिजली के तार, साउंड सिस्टम, कंप्यूटर सेट, मोटरसाइकिल के पार्ट्स, पिकअप वाहन व अन्य उपकरण बरामद कर लिया गया है।
थानेदार ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर दिन में रेकी और रात में दुकानों, गोदामों व कार्यक्रम स्थलों में चोरी करते हैं। चोरी के बाद सामान छिपाकर बाद में बेच देते हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है तथा गिरोह से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनय कुमार दूबे व राजनारायण सिंह सहित कछवां पुलिस टीम शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

