home page

भाजपा नेता की बेटी से 42 हजार की ठगी

 | 
भाजपा नेता की बेटी से 42 हजार की ठगी


ठग ने आवाज क्लोनिंग के जरिए युवती को बनाया शिकार, पुलिस से शिकायत

हाथरस, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सादाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता की बेटी से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने आवाज की क्लोनिंग कर शिकार बनाते हुए 42 हजार 20 रुपये की ठगी की है। मामले में पीड़ित ने शिकायत की है।

सादाबाद थाना क्षेत्र निवासी सुधीर गर्ग भाजपा नेता है। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री आरुषि गर्ग का खाता बैंक ऑफ बड़ौदा में है। बुधवार सुबह करीब 9:59 बजे आरुषि के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उसका मौसा बताया और भावुक अंदाज में बात करते हुए किसी जरूरी काम के लिए पैसों की मांग की। ठग ने बातचीत के दौरान मौसा की आवाज का क्लोन तैयार कर आरुषि से बात की, जिससे उसे पूरा विश्वास हो गया कि वह अपने रिश्तेदार से ही बात कर रही है। इसी झांसे में आकर आरुषि ने अलग-अलग किस्तों में रकम ट्रांसफर कर दी। ठग ने आरुषि से कुल 42,020 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवाए। यह रकम 6 बार में भेजी गई, जिसमें 2 हजार, 10 हजार, 20 हजार, 2 हजार 20 रुपये और 6 हजार रुपये शामिल थे। कुछ देर बाद जब आरुषि को संदेह हुआ तो उसने अपने पिता को जानकारी दी। पिता ने तुरंत आगे पैसा भेजने से मना कर दिया। इसके बाद जब उन्होंने उस नंबर पर कॉल किया तो वह बंद मिला। वहीं, जिस मौसा का नाम लेकर ठगी की गई थी, उनसे संपर्क करने पर उन्होंने ऐसी किसी भी बात से इनकार कर दिया। तब जाकर परिवार को ठगी का एहसास हुआ।

पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर संबंधित मोबाइल नंबर को नामजद करते हुए साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।

सादाबाद कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत साइबर सेल को भेज दी गई है। पुलिस संबंधित खातों और मोबाइल नंबर की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना