home page

लखनऊ में 733 किलोग्राम गांजा संग दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
लखनऊ में 733 किलोग्राम गांजा संग दो तस्कर गिरफ्तार


लखनऊ, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने लखनऊ स्थित मोहनलालगंज इलाके से दो तस्कर को गिरफ्तार किया है। उनके वाहन को जब्त करने पर उसमें से 733 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अन्तरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.83 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही ने बुधवार को बताया कि एक सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने मोहनलालगंज के बाबा ढाबा के सामने से एक वाहन कंटनेर (एचआर 55 डब्ल्यू 3217) को कब्जे में लेते हुए उसमे सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ के पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना नाम बांदा जिले के ग्राम मर्दन नाका निवासी विनोद कुशवाहा और हमीरपुर जिले के जितेंद्र शिव हरे बताया।

उन्होंने यह भी बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो अन्तराज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करता है। उड़ीसा, आंधप्रदेश में अच्छी क्वालिटी का गांजा पाया जाता है जिसे गैंग के सरगना कम दामों पर खरीदकर उत्तर प्रदेश और बिहार में महंगे दाम पर बेचा जाता है। हम लोग इस काम में गैंग के सरगना की मदद करते हैं। आज भी 733 किलोग्राम गांजा एक कंटेनर में भरकर ला रहे थे, तभी मोहनलालगंज के पास हमे पकड़ लिया गया।

एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि कंटनेर समेत माल को जब्त कर लिया गया है। अग्रिम कार्रवाई के लिए अभियुक्तों को मोहनलालगंज थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक