home page

बिहार ले जायी जा रही 16 लाख की अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

 | 
बिहार ले जायी जा रही 16 लाख की अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार


मीरजापुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले की जिगना पुलिस ने नरोइयां मोड़ के पास चेकिंग के दौरान एक कार सवार युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान कार से 315 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये है।कार सवार युवक शराब तस्कर निकला।

थानाध्यक्ष जिगना संजय कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि जनपद में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस टीम ने नरोइयां मोड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका। तलाशी लेने पर कार के भीतर अलग-अलग ब्रांड की महंगी शराब की पेटियां मिलीं। मौके से पुलिस ने पश्चिम बंगाल के हवेली खड़कपुर निवासी कार सवार अंकुश पासवान को गिरफ्तार कर लिया ।

पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह हरियाणा से अवैध अंग्रेजी शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था। शराब को कार में इस तरह छिपाकर ले जा रहा था कि सामान्य जांच में पकड़ में न आए, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उसकी चाल नाकाम कर दी।

पुलिस ने तस्कर के खिलाफ थाना जिगना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया। तस्करी में प्रयुक्त कार को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा