home page

ओडिशा से गांजा लाकर लखनऊ में सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
ओडिशा से गांजा लाकर लखनऊ में सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार


लखनऊ, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ शहर में अपराध शाखा की टीम ने दो तस्करों को गुरुवार की रात को बंधा रोड के पास गिरफ्तार किया है। कार की तलाशी लेने पर उनके पास 43 पैकेट में कुल 48.80 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है। ये लोग ओडिशा से गांजा लाकर शहर में सप्लाई करते हैं।

एडीसीपी क्राइम किरन यादव ने शुक्रवार को बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ 'नार्को हंट'अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत क्राइम ब्रांच को दो युवकों के बारे में पता चला। क्राइम ब्रांच ने बंधा रोड पर पहुंचकर मौके पर कार की तलाशी ली। इस दौरान 43 पैकेट में कुल 48.80 किलोग्राम अवैध गांजा, दो मोबाइल, फोन और झारखंड नंबर की कार बरामद हुई है। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गये तस्कर प्रयागराज निवासी प्रकाश दुबे और लखनऊ के अवध विहार योजना निवासी जय आनंद मिश्रा है। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि ओडिशा से गांजा लाकर लखनऊ एवं आसपास के जिलों में सप्लाई करते है,जिनसे मिलने वाली रकम को आपस में बांट लेते हैं।

एडीसीपी ने बताया कि “ऑपरेशन नार्को हंट के अंतर्गत पुलिस कमिश्नरेट में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। अभियान की कार्ययोजना में तस्करी के स्रोत की पहचान, नेटवर्क का विघटन एवं संगठित तंत्र के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को प्राथमिकता दी गई है। क्राइम ब्रांच ने अपराध से संबंधित सूचनाएं प्राप्त करने के लिए हेल्प लाइन नंबर 7839861034 पर आमजन इन माध्यमों से महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध करा सकते हैं। सूचनादाताओं की गोपनीयता सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक