बिजनौर: प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई करने वाले गिरोह के चार आरोपित गिरफ्तार
बिजनौर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश बिजनौर जनपद की थाना हल्दौर पुलिस टीम ने शुक्रवार काे प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खरीद-फरोख्त और सप्लाई करने वाले कथित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल, अल्प्राजोलम टैबलेट, कोडीन सिरप, 13 लाख 99 हजार 100 रुपये की नकदी, एक स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक के.के. विश्नोई ने प्रेसवार्ता में बताया कि थाना हल्दौर पुलिस टीम शरीफपुर नहर पुलिया पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार दो युवक भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कार से प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल, अल्प्राजोलम की गोलियां और कोडीन सिरप बरामद हुआ। मौके से हर्ष ढाका निवासी ग्राम जोगीओधा और ग्राम मारूफपुर निवासी रितिक कुमार को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने अपने दो अन्य साथियों के शेरपुर कल्याण अड्डे पर मौजूद होने की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्री शेड से सुहैल निवासी मोहल्ला शाहचंदन और आयान निवासी ग्राम पीपली जट, थाना हीमपुर दीपा को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने कथित तौर पर बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गिरोह बनाकर प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खरीद-फरोख्त और सप्लाई का काम करते थे। स्विफ्ट कार के माध्यम से मेडिकल स्टोरों तक नशीली दवाएं पहुंचाई जाती थीं। इस अवैध कारोबार से होने वाले मुनाफे को सभी लोग आपस में बांट लेते थे। बरामद नकदी से भी आगे नशीली दवाओं की खरीद करने की योजना थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। --------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

