लखनऊ में अंतरजनपदीय गांजा तस्कर गिरोह के दो अपराेपित गिरफ्तार
लखनऊ, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नगराम थाना की पुलिस टीम ने बीती रात गुरुवार को शिवपुरा मोड़ पर चेकिंग के दौरान अंतरजनपदीय गांजा तस्कर गिरोह के दो आराेपिताें को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 12.750 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये है। आराेपिताें के पास से गांजा के अलावा एक लग्जरी कार, मोबाइल समेत अन्य चीजें बरामद हुई है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक ने शुक्रवार को गांजा तस्कराें के पकड़े जाने का खुलासा किया। उन्हाेंने पत्रकाराें काे बताया कि थाना नगराम पुलिस गंगागंज मार्ग पर ग्राम शिवपुरा मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक सफारी वाहन (यूपी 32 ईएल 8000) को रोका गया। वाहन की चेकिंग के दौरान बोरी में मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस वाहन में सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मूलरूप से बाराबंकी निवासी सचिन सिंह और ग्राम तमोरिया निवासी सत्यम सिंह के रूप में हुई है।
पूछताछ में आराेपिताें ने बताया कि एक गिराेह बनाकर लखनऊ और उसके आस-पास के जिलो में गांजा तस्करी का कार्य करते हैं। उन्हाेंने जरवल और गोण्डा से अवैध गांजा को खरीदकर वाहन के जरिये लाने की बात स्वीकार की है। इसके बाद उसकी पुड़िया बनाकर अपने गिराेह के लाेगाें के माध्यम से क्षेत्रों में बेचते हैं। मादक पदार्थ काे बेचकर आई रकम काे आपस में मिलकर बांट लेते हैं और इस रकम से अपने शौक पूरे करते हैं। पुलिस ने इन्हें गांजे की सप्लाई देने से पहले पकड़ लिया है। आराेपिताें के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है तथा इनके गिरोह में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

