बिहार ले जाई जा रही 234 लीटर अवैध शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
देवरिया, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले की खामपार थाना पुलिस ने एक चार पहिया वाहन समेत 26 पेटी अवैध देशी शराब पकड़ी है। एक आरोपित भी गिरफ्तार किया गया है, जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील सिंह ने बताया कि रविवार को थाना खामपार पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान भिंगारी ओवरब्रिज के पास एक मारुति कार (यूपी 53 जेड 2885) को रोककर तलाशी ली गई।
उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान कार से बिहार ले जाई जा रही 26 पेटी अवैध देशी शराब बरामद हुई। इसमें 'बंटी बबली' ब्रांड के 1170 पाउच मिले, जिनमें प्रत्येक पाउच 200 मिली लीटर का था। बरामद शराब की कुल मात्रा 234 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 64,350 रुपये बताई गई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से कुकुरघाटी टाेला नंदपुर निवासी राज गाैड़ (20) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के विरुद्ध थाना खामपार में मुकदमा आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

