home page

अहरौरा पुलिस ने पकड़ी 20 लाख की अवैध शराब, तीन तस्कर गिरफ्तार

 | 
अहरौरा पुलिस ने पकड़ी 20 लाख की अवैध शराब, तीन तस्कर गिरफ्तार


मीरजापुर, 19 जुलाई (हि.स.)। अहरौरा पुलिस ने बिहार ले जाई जा रही करीब 20 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब की खेप बरामद करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चार पहिया के दाे वाहनों से 488 बोतल विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की है। तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को सीज कर आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीणा ने रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में शनिवार को अहरौरा पुलिस वनस्थली महाविद्यालय, मानिकपुर के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। सूचना पर टाटा सफारी और एक कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान दोनों वाहनों में छिपाकर रखी गई कुल 488 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके से झारखंड के गढ़वा निवासी सूर्य प्रताप शुक्ला और सत्यम कुमार तथा अदलहाट थाना क्षेत्र निवासी अनिल यादव को गिरफ्तार कर लिया ।

पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि वे मीरजापुर से अंग्रेजी शराब खरीदकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचते थे। अनिल यादव, जो जिगना स्थित एक कंपोजिट वाइन शॉप पर सेल्समैन है, शराब उपलब्ध कराने में उनकी मदद करता था। तस्करी के दौरान पहचान छिपाने के लिए वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगा दी जाती थी।

कोतवाल चुनार विजय शंकर सिंह ने बताया कि बरामद शराब और वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। आरोपिताें के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और शराब की आपूर्ति के स्रोत की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा