देवरिया में चार तस्कर गिरफ्तार,1.20 करोड़ का गांजा जब्त
देवरिया, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की एसटीएफ और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सलेमपुर सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने गिरोह के चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया।
सलेमपुर कोतवाल पुलिस ने पुष्टि करते हुए बताया कि एसटीएफ और एनसीबी ने सयुंक्त कार्रवाई में चार तस्करों को पकड़ा है। इनकी पहचान मध्य प्रदेश के सतना निवासी आशीष पांडे और संदीप कोल, देवरिया निवासी रितेश जायसवाल और आदर्श जायसवाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह गिरोह असम से गांजे की खेप मंगाकर उत्तर प्रदेश समेत आसपास के क्षेत्रों में उसकी आपूर्ति करता था।
आरोपितों की महिंद्रा पिकअप वाहन से लगभग दो क्विंटल गांजा बरामद किया गया। इसके बाद मुख्य तस्कर रितेश जायसवाल के घर पर छापेमारी की गई, जहां से करीब दो क्विंटल गांजा और बरामद हुआ। कुल मिलाकर लगभग चार क्विंटल गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.20 करोड़ रुपये है।
पूछताछ में तस्कराें ने बताया कि रितेश जायसवाल और असम के तस्कर टिंकू मंसूर के माध्यम से गांजे की खेप मंगवाता था। मध्य प्रदेश के आशीष पांडे और संदीप कोल असम के मीसामारी क्षेत्र से पिकअप वाहन में गांजा लेकर देवरिया पहुंचाते थे। यहां से इसकी सप्लाई विभिन्न जिलों और राज्यों में की जाती थी। तस्करों ने सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देने के लिए वाहन पर सीआरपीएफ का स्टीकर लगा रखा था। रास्ते में पूछताछ होने पर वे वाहन में सीआरपीएफ जवानों का घरेलू सामान होने की बात कहकर जांच से बचने का प्रयास करते थे। इसी तरीके से वे लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे।
एसटीएफ और एनसीबी को गिरोह की गतिविधियों की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के सहला के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान गांजे की बड़ी खेप बरामद होने पर चारों तस्कराें को गिरफ्तार कर लिया गया। इन सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

