सोनभद्र में नाबालिग लड़की को बेचने के आराेप में दो महिलाएं गिरफ्तार
सोनभद्र, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने सोमवार को दो महिलाओं को एक नाबालिग लड़की को मानव तस्करों को एक लाख 20 हजार रुपये में बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। लड़की का शारीरिक शोषण भी हुआ था, जिससे वह गर्भवती भी हो गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सोमवार को बताया की मानव तस्करी गिरोह के खिलाफ चलाए गए अभियान में पूर्व में दर्ज एक मुकदमे में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इन महिलाओं ने एक मानव तस्करों के संगठित गिरोह के साथ मिलकर नाबालिग को पहले मीरजापुर ले गए उसके बाद आगरा ले जाकर बेच दिया था। बेची गई नाबालिग लड़की का शारीरिक शोषण भी हुआ जिससे वह गर्भवती भी हो गई थी। लड़की को कुछ दिन पहले ही बरामद कर लिया गया था। पुलिस टीम ने इस मामले में एक सूचना पर ग्राम पवर के पास घेराबंदी कर महिला हालपता रॉबर्ट्सगंज के ग्राम पवर निवासी बिन्दू और सोनी को गिरफ्तार किया है।
पुछताछ के दौरान आरोपित महिलाओं ने स्वीकारा कि उन्होंने एक नाबालिग लड़की को काम दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गई थी। आगरा में ले जाकर उसे एक लाख 20 हजार रुपये में बेच दिया था। वहां पीड़िता को विभिन्न व्यक्तियों के पास रखा गया, जहां उसके साथ जबरन शारीरिक शोषण किया गया, जिससे वह गर्भवती हो गई थी। पुलिस की जांच के दौरान यह भी प्रकाश में आया कि उक्त कृत्य एक संगठित गिरोह ने किया है, जिसमें अन्य सहअभियुक्तों की संलिप्तता भी सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयासरत हैं।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

