मीरजापुर में दो तस्कर गिरफ्तार, 55 लाख रुपये के मादक पदार्थ जब्त
मीरजापुर, 03 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 55 लाख रुपये कीमत की अवैध हेरोइन, गांजा, कच्ची देशी शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किया है। 30,180 रुपये नकद धनराशि भी जब्त की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रितेश सिंह ने बताया कि शुक्लहा क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके से बच्चे लाल सोनकर निवासी शुक्लहा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान 12 प्लास्टिक जरीकेन में भरी 600 लीटर कच्ची देशी शराब, 252 ग्राम हेरोइन, 3.600 किग्रा गांजा, दो गैस चूल्हे, एक इंडेन गैस सिलेंडर, चार स्टील ड्रम, लोहे की कड़ाही समेत शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए।
पूछताछ के बाद पुलिस ने दिलीप सोनकर, निवासी महुवरिया को भी रमईपट्टी के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों के खिलाफ कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

