बाराबंकी में तस्कर गिरफ्तार, कराेड़ाें की हेराेइन बरामद
बाराबंकी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 507 ग्राम मादक पदार्थ (हेरोइन) बरामद की है, जिसकी अन्तरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ दो लाख रुपये हैं।
एएनटीएफ थाना प्रभारी अयनुद्दीन ने सोमवार को बताया कि रविवार देर रात को लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके से तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान ठाकुरगंज के मोहल्ला गऊ घाट निवासी राहुल रावत के रूप में हुई है। उसके पास से 507 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन, एक स्कूटी व एक एंड्रॉयड फोन और 1120 रुपये बरामद हुए हैं।
पकड़े गए शातिर तस्कर से पूछताछ में बताया कि वह काफी समय से मादक की तस्करी का कार्य कर रहा है। वह मादक पदार्थों की पुड़िया बनाकर छोटे-छोटे जगह पर घूम-घूम कर बेचता है,जिससे उसे ज्यादा लाभ होता है। उसे एक व्यक्ति कुटिया घाट पर एक चाय की दुकान पर सस्ते दामों पर दे जाता है।
प्रभारी ने बताया कि तस्कर की काफी दिनों से तलाश थी। उसे बीती रात पकड़ कर ठाकुरगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। पूछताछ की जा रही जिससे अन्य भी खुलासे हो सके।
-----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

