home page

प्रेमी के नंबर ब्लॉक करने से क्षुब्ध होकर नर्सिग छात्रा ने किया था सुसाइड, आरोपित प्रेमी गिरफ्तार

 | 
प्रेमी के नंबर ब्लॉक करने से क्षुब्ध होकर नर्सिग छात्रा ने किया था सुसाइड, आरोपित प्रेमी गिरफ्तार


फिरोजाबाद, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना मटसेना क्षेत्रान्तर्गत रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर नर्सिग छात्रा की मौत के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद आरोपित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। प्रेमी द्वारा नंबर ब्लॉक करने क्षुब्ध होकर छात्रा ने आत्महत्या की थी।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि 28 अक्टूबर को थाना मटसेना पुलिस को सूचना मिली कि रसीदपुर कनैटा रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर एक लड़की की ट्रेन से कटकर मृत्यु हो गयी है। सूचना पर मटसेना पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर शव की पहचान थाना औंछा जनपद मैनपुरी निवासी नर्सिंग कॉलेज फिरोजाबाद की छात्रा प्रीती के रुप में हुई, जोकि नर्सिंग कॉलेज फिरोजाबाद में गर्ल्स हॉस्टल में अपनी दो अन्य सहेलियों के साथ रहती थी। स्थानीय पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दी गयी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया। जिसमें विवेचनात्मक कार्यवाही क्षेत्राधिकारी सदर तेजस त्रिपाठी ने की। प्रकरण में मृतका का पोस्टमार्टम और पंचायतनामा किया गया। मृतका का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया साथ ही वीडियोग्राफी की गयी। साक्ष्य संकलन व विवेचना के क्रम में क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा सीसीटीवी कैमरे चैक किये गये, साथ रहने वाली सहेलियों से पूछताछ की गयी साथ ही व्हाट्सएप चैट व अन्य साक्ष्य संकलन के आधार पर यह तथ्य प्रकाश में आया कि सिरसागंज निवासी एक लड़का अमन है जिससे मृतका का प्रेम प्रसंग था। वह उससे बातचीत करती थी । 27 अक्टूबर को रात्रि में करीब 08.30 बजे इस लड़के अमन ने छात्रा प्रीती को ब्लॉक कर दिया। जिससे यह क्षुब्ध होकर गर्ल्स हॉस्टल से निकल कर दीवार फांदकर रेलवे ट्रैक पर पहुंची और वहां सुसाइड़ कर लिया।

उन्होंने बताया कि विवेचक क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा साक्ष्य संकलन करते हुए प्रकाश में आये अभियुक्त अमन को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जायेगा।

एएसपी ने बताया कि सभी बिन्दुओं पर अग्रिम जांच जारी है। अन्य साक्ष्य संकलन किए जा रहे है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़