दस हजार रुपये की रिश्वत लेते दाराेगा रंगे हाथ गिरफ्तार
मुरादाबाद, 17 मार्च (हि.स.)। भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद मंडल इकाई ने जनपद रामपुर के थाना स्वार में तैनात सब इंस्पेक्टर को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
ट्रैप टीम प्रभारी इंस्पेक्टर राखी ने मंगलवार को बताया कि जनपद रामपुर के थाना अजीमनगर के ग्राम सीगनखेड़ा निवासी यशवीर सिंह ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद मंडल को एक प्रार्थना पत्र दिया था। उसमें उसने बताया था कि जनपद हरदोई के थाना माधवगंज के ग्राम शुक्लपुर भगत निवासी ओंकारनाथ जनपद रामपुर के थाना स्वार में उप निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाते हुए बताया कि सब इंस्पेक्टर ओंकार नाथ ने शिकायतकर्ता के विरुद्ध आवेदिका पूजा रानी की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र की जांच पर शिकायतकर्ता के पक्ष में रिपोर्ट लगाने व उसका निपटारा करने की एवज में दस हजार रुपये रिश्वत मांगेे हैं।
मामले को संज्ञान में आने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप टीम ने अपना जाल बिछाया और शिकायतकर्ता यशवीर सिंह को मंगलवार दोपहर थाना सवार परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र के कमरे में बुलाकर रंग लगे 10 हजार रुपये के नोट थमा दिए। इसके बाद शिकायतकर्ता ने जब वो रुपये सब इंस्पेक्टर ओंकार नाथ को दिए तो ट्रैप टीम ने उसे रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एंटी करप्शन में इंस्पेक्टर नवल मरवाह ने बताया कि आरोपित सब इंस्पेक्टर ओंकारनाथ को थाना अजीमनगर पर लाए हैं, जहां उसके विरुद्ध अभियुक्त पंजीकृत करने की कार्रवाई चल रही है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

