कानपुर में छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
कानपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के विपौसी गांव में गुरुवार शाम छात्र सत्यम (14) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह डायल-112 पर एक महिला ने बेटे की गला दबाकर हत्या किए जाने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को छात्र के गले और शरीर पर चोट के निशान मिले। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
परिजनों के मुताबिक, सत्यम गुरुवार शाम करीब पांच बजे चक्की से आटा लेकर घर पहुंचा था। उसने पेट में दर्द होने की बात कही और चारपाई पर लेट गया। काफी देर तक नहीं उठने पर परिजनों ने उसे जगाया तो उसकी हालत खराब थी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। परिजनों की ओर से अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। सत्यम के पिता सर्वेश गुजरात में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। उनकी पत्नी संगीता तीन बेटों सत्यम (14), शिवम और सुंदरम के साथ गांव में रहती हैं।
महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि बच्चे की मौत की सूचना शुक्रवार सुबह मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मामला संदिग्ध लगने पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तहरीर के आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

