स्कूल के बाहर छात्र पर हमला, तमंचे से फायरिंग का आरोप
बिजनौर, 22 मई (हि.स.)| हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव झालू में स्कूल के बाहर एक छात्र पर जानलेवा हमला किया गया।इस मामले में शुक्रवार काे पीड़ित छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपिताेंं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी किशन अवतार सिंह ने बताया कि मोहल्ला कानून गोयान निवासी गौरव पाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पुत्र यश, जो देहरादून पब्लिक इंटर कॉलेज झालू में कक्षा 9 का छात्र है। 20 मई को स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के मुन्ना और उसके चार-पांच साथियों ने पहले से घात लगाकर छात्र पर हमला कर दिया। आरोपिताें ने छात्र के साथ मारपीट करते हुए तमंचे से फायरिंग भी की। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोग और स्कूल कर्मियों ने घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने छात्र के सिर में गंभीर चोट बताई, जिसके बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपित पक्ष ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी। मामले में थाना हल्दौर पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपिताें के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

