बहराइच : चरस तस्करी का भंडाफोड़, दो आरोपित गिरफ्तार
बहराइच, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मोतीपुर थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4.282 किलो अवैध चरस बरामद की है। आरोपितों के पास से दो मोबाइल फोन, चार हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को थाना प्रभारी ब्रह्मा गोंड के नेतृत्व में मोतीपुर पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोपिया बैराज से रायबोझा जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध अवस्था में मिले अहमद रजा उर्फ बाबू (38) निवासी गौडरिया के कब्जे से 2.377 किलोग्राम चरस और 1500 रुपये बरामद हुए। वहीं महबूब उर्फ मलारू (40) निवासी सुभान पुरवा, थाना रामगांव के पास से 1.905 किलोग्राम चरस, 2500 रुपये और मोटरसाइकिल बरामद की गई।
थाना प्रभारी ब्रह्मा गोंड ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद जनपद न्यायालय भेज दिया गया है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

