साइबर अपराधियाें काे म्यूल खाता धारक उपलब्ध कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार
बहराइच, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की पुलिस और सर्विलांस ने मंगलवार को साइबर अपराधियाें काे म्यूल खाता धारक उपलब्ध कराने वाले गिरोह का छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ये लोग आम जनता के खाते खुलवाते थे। इसके बाद यह खाता साइबर अपराधिक घटनाओं में इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस को इन लाेगाें के कब्जे से सात मोबाइल फोन, एक पूर्व हस्ताक्षरित चेकबुक, नोट गिनने वाली मशीन, कार एवं पन्द्रह लाख चालीस हजार रुपये की नगदी बरामद हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में मो.कैफ, नूर अहमद, अर्शियान, मो.आमिर, सत्येन्द्र कुमार चौहान और राम जी यादव शामिल हैं। आरोपित भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर लोगों को धन का प्रलोभन देकर उनके नाम से नए बैंक खाते खुलवाते हुए उनके पूर्ववर्ती खातों का उपयोग करते थे। इन खातों में अपराध से प्राप्त धोखाधड़ी के पैसों को मंगवाया जाता था। बदले में खाता धारकों को कमीशन मिलता था बाकि रुपये चेक के माध्यम से निकालकर आरोपित आपस में बांट लेते थे।
एएसपी ने बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड मो. आमिर की भूमिका खातों के प्रबन्धन की थी, जो इन खातों को अपने सहयोगी नूर अहमद व अर्शियान उर्फ सुहेल को उपलब्ध कराता था। कैफ और अन्य आरोपित इन खातों में साइबर ठगी की धनराशि मंगाकर पूर्व हस्ताक्षरित चेकों के माध्यम से शीघ्रता से निकाल लेते थे। आरोपित इतने शातिर हैं कि खाता धारकों से पहले ही सुनियोजित तरीके से उनके चेकबुक पर हस्ताक्षर करवा लेते थे, जिससे खाते में धनराशि आते ही किसी प्रकार की शिकायत दर्ज होने से पूर्व ही उसे निकाल लिया जाए। पुलिस अब उनके गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

