home page

बिहार तस्करी को जा रही लाखों की अवैध शराब सहित गोरखपुर के दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
बिहार तस्करी को जा रही लाखों की अवैध शराब सहित गोरखपुर के दो तस्कर गिरफ्तार


फिरोजाबाद, 01 जून (हि.स.)। थाना दक्षिण पुलिस टीम ने सोमवार को गैर प्रान्त की अवैध शराब तस्करी करते हुए गोरखपुर के दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से हरियाणा ब्रान्ड की करीब 06 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की है। जिसे यह लोग बिहार तस्करी को ले जा रहे थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब तस्करी एवं अवैध असलाह की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी दक्षिण योगेंद्र पाल सिंह पुलिस टीम के साथ सोमवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना पर 02 अभियुक्त अर्चित पुत्र अरविन्द सिंह निवासी रामनगर कालोनी थाना गोरखनाथ जिला गोरखपुर व आशुतोष पुत्र प्रमोद कुमार निवासी जटेपुल रेलवे कालोनी थाना शाहपुर जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध अग्रेंजी शराब (कुल 120 बोतल, 336 हाफ एवं 48 क्वार्टर हरियाणा ब्रांड, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 06 लाख रुपये), घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार, एटीएम, क्रेडिट कार्ड व 02 अवैध तमंचा 315 बोर एवं 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ है।

थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों अभियुक्तों ने पूछताछ पर बताया है कि हम लोग बेरोजगार थे। तभी जानकारी हुई कि हरियाणा से शराब लाकर बिहार में बेचने में काफी अच्छा मुनाफा हो जाता है। तब हम दोनों ने किराये की गाड़ी अरविन्द कुमार पुत्र रामप्रसाद निवासी बिलधरा रोड बलिया की किराये पर लेकर हरियाणा से शराब अंग्रेजी जो आप लोगों द्वारा पकड़ ली गयी है, अपने जनपद गोरखपुर जा रहे थे वहाँ से बिहार में बेचना था। इसके पूर्व में भी हम दोनों 2-4 बार हरियाणा से अंग्रेजी शराब लेकर बिहार में बेच चुके हैं तथा गाड़ी मालिक को भी किराया बढ़ाकर देते हैं। हम लोग तमंचा कारतूस अपनी सुरक्षा के लिए रखे थे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़