स्कूटी टकराने के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, एक की मौत, एक की हालत गंभीर
नोएडा, 09 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर नोएडा के थाना फेस वन क्षेत्र में बीती रात को दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। एक की उपचार के दौरान सोमवार सुबह मौत हो गई है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि थाना फेस-वन क्षेत्र के नया बांस गांव के पास स्थित एक पार्क मे मध्य रात्रि करीब एक बजे कुछ लड़के अमित (25), शिवम (22), यशपाल, आकाश और विनोद आदि एक पार्क में खड़े थे। वे लोग कुछ देर बाद स्कूटी से घर जाने लगे। तभी वहां खड़े अन्य युवक हर्ष से उनकी स्कूटी टकरा गई तथा उसके पैर में चोट लग गयी। वह युवक अपने साथियों तालिब आदि के साथ पार्क में बर्थडे पार्टी मना रहा था। इस बात को लेकर दोनों पक्ष में विवाद हुआ तथा बर्थडे पार्टी कर रहे युवकों ने अमित आदि के ऊपर हमला कर दिया। इस घटना में अमित और शिवम के सिर में गंभीर चोट लगी। उनके दोस्तों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। अमित को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शिवम को उपचार के लिए दिल्ली के बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

