लूटपाट करने वाले गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार
नोएडा, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में नोएडा के थाना सेक्टर-58 की पुलिस ने चोरी की बाइक से लूटपाट करना वाले गिरोह के दो बदमाशों को बीती रात को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की बाइक और लूटे हुए 12 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस ने लोगों को डराने के लिए रखे गए चाकू को भी कब्जे में ले लिया।
अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने बताया कि एक गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-60 के पास से दो आरोपितों विनेश उर्फ राहुल और सलमान को गिरफ्तार किया गया है। तलाशी के दौरान इनके पास से विभिन्न कंपनियों के 12 मोबाइल फोन बरामद हुए, जो नोएडा, दिल्ली और आसपास के इलाकों से लूटे गए थे।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे चोरी की बाइक से राह चलते लोगों के मोबाइल फोन छीन लेते थे। बरामद बाइक के बारे में खुलासा हुआ कि उसे सेक्टर-3 से चोरी किया गया था, जिसके संबंध में फेस-1 थाने में मुकदमा दर्ज है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

