home page

उप्र एसटीएफ ने 50 हजार के इनामी आरोपित को हरियाणा से किया गिरफ्तार

 | 
उप्र एसटीएफ ने 50 हजार के इनामी आरोपित को हरियाणा से किया गिरफ्तार


प्रयागराज, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की प्रयागराज फील्ड इकाई ने रविवार को 50 हजार रुपये के इनामी शराब तस्कर को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ शैलेश प्रताप सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद थाना क्षेत्र के कोथकला गांव निवासी विकास सौरंग पुत्र कंवर सिंह है। उसके खिलाफ उप्र के आजमगढ़ जिले के देवगांव थाने में वर्ष 2023 में धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपितविकास सौरंग फरार था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था। इनामी आरोपित की गिरफ्तारी हरियाणा के जींद जनपद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित हुड्डा ग्राउंड के पास से 18 अप्रैल 2026 को सायं करीब 6:45 बजे की गई। एसटीएफ टीम पिछले कई दिनों से इनामी और फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही थी, जिसके तहत सूचना संकलन और निगरानी की कार्रवाई की जा रही थी।

जांच में सामने आया कि विकास सौरंग शराब तस्करी के एक सक्रिय गिरोह से जुड़ा है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों सहित बिहार और झारखंड तक अवैध शराब की आपूर्ति करता था।

पुलिस के अनुसार, वह चंडीगढ़ और हरियाणा से अवैध रूप से शराब लाकर वाहनों में छिपाकर अन्य राज्यों में भेजता था।

पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ ने बताया कि फरार एवं इनामी अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। आरोपित लंबे समय से वांछित था और उसकी गिरफ्तारी से अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न राज्यों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे संबंधित थाने में दाखिल कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल