शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति ने की दोस्त की गला दबाकर हत्या
नोएडा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर नोएडा के थाना ईकोटेक- तीन क्षेत्र से लापता हुए एक व्यक्ति का शव आज हिंडन नदी के पुस्ता के पास मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि उसके दोस्त ने उसकी हत्या कर शव को यहां पर फेंका था।
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि आज एक व्यक्ति ने थाना ईकोटेक -3 में शिकायत की थी कि उसका भाई पवन शर्मा (40) पुत्र रमेश चंद शर्मा जो की कुलेसरा गांव में रहता था, वह घर नहीं पहुंचा। उन्होंने बताया कि उसने अपने पड़ोसी ललित शर्मा पुत्र मनोहर लाल शर्मा पर शक जाहिर किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ललित शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ किया तो उसने बताया कि उसने पवन शर्मा के साथ बुधवार की रात मे बैठकर शराब पी थी। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। आरोपित ने पवन की गला दबाकर हत्या कर दी तथा शव को लखनावली गांव के पास हिंडन नदी के पुस्ता पर डाल दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपित से पूछताछ कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

