एसटीएफ ने बुलंदशहर रेलवे स्टेशन से 50 हजार के इनामी बदमाश काे गिरफ्तार किया
बुलंदशहर, 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) की मेरठ इकाई ने मंगलवार की देर रात को 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार इनामी आराेपित बागपत जिले से गैंगस्टर एक्ट फरार चल रहा था।
एसटीएफ फील्ड इकाई मेरठ के अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि बागपत जिले के दोघट थानाक्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में फरार मेरठ निवासी अरबाज काे बुलंदशहर के बराल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में इनामी आराेपित अरबाज ने बताया कि वह मेरठ में जाकिर कालोनी में कबाड़ी की दुकान पर काम करता था। जनवरी 2024 में दुकान पर शामली निवासी मनोज और अक्षय चोरी का सामान बेचने के लिए आये थे। यहीं पर उन दोनों से उसकी जान पहचान हो गई और वह भी उनके साथ मिलकर चोरी करने लगा। साल 2024 के मार्च माह में उसने अपने साथी मनोज और अक्षय के साथ मिलकर बागपत में बिजली तार की चोरी की थी। इस संबंध में दोघट थाना में मुकमा दर्ज हुआ था और वह जेल भी गया था।
एएसपी ने बताया कि जब इन सभी आराेपिताें के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ तो गिरफ्तारी से बचने के लिए इधर-उधर छिपकर रहे थे। गिरफ्तार अरबाज पर 50 हजार का इनाम था। एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए बागपत पुलिस के सुुपुर्द किया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

