home page

यूपी एसटीएफ ने महाराष्ट्र से 50 हजार के इनामी को गिरफ्तार किया

 | 
यूपी एसटीएफ ने महाराष्ट्र से 50 हजार के इनामी को गिरफ्तार किया


लखनऊ, 18 सितंबर (हि.स.)। यूपी एसटीएफ और निगोहा पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र से 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। निगाेहा थाना पुलिस उसके खिलाफ अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

निगोहा थानाध्यक्ष रवीन्द्र कुमार ने बताया कि मूलरूप से वाराणसी निवासी राहुल श्रीवास्तव को मुम्बई जनपद थाणे मीरा रोड आंगन एवलोन कनखिया से गिरफ्तार किया है। ट्रांजिड रिमांड पर लाकर उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि गिरफ्तार वह पहले राज हाईटेक नाम की एक कम्पनी में ब्रोकर था। उसके बाद बनारस में स्पीक शिया कम्पनी में एजेण्ट का काम किया। फिर वह लखनऊ आ गया और स्टैलियन विजन इन्फ्रावेटर प्रा. लि. एवं एक्मे इन्फ्रावेंचर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी खोल ली। वह लोगों को प्लॉट उपलब्ध कराने का भरोसा देकर उनसे अलग-अलग माध्यमों से धनराशि प्राप्त करता था। कई मामलों में प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के बावजूद वास्तविक कब्जा नहीं दिया गया तथा प्राप्त धनराशि वापस भी नहीं की गई। इस पर उसके खिलाफ निगोहा थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया। इसकी जानकारी जब उसे हुई तो वह लगातार ठिकाने बदलकर रहने लगा। इस दौरान वह सिम कार्ड और मोबाइल भी बदलता रहा, ताकि पुलिस उस तक न पहुंच सके।

थाना प्रभारी ने बताया कि उसके खिलाफ लखनऊ के अलग-अलग थानों में तकरीबन 32 मुकदमें दर्ज है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक