home page

पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

 | 
पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार


बागपत, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में थाना सिंघावली अहीर पुलिस ने तकरीबन तीन साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपित को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। बदमाश के पास से अवैध हथियार भी बरामद हुआ है।

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि मंगलवार की सुबह पुलिस काे सूचना मिली थी कि शातिर अपराधी राजा अली अपने एक साथी के साथ हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सिसाना-बिलौचपुर नहर पटरी के पास किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें राजा अली के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपित राजा अली थाना कोतवाली बागपत का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह पिछले तीन साल से अपनी पहचान बदलकर अलग-अलग जगहों पर छिपता फिर रहा था, जिससे पुलिस को चकमा देता आ रहा था। आरोपित पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस आगे की कार्रवाई क रही है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी