home page

अपहरण और हत्या में फरार 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

 | 
अपहरण और हत्या में फरार 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार


कन्नौज , 12 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कन्नौज में तीन साल पहले युवक का अपहरण कर हत्या कर फरार आराेपित काे मंगलवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गरफ्तार कर लिया । फायरिंग के दौरान गोली उसके दाहिने पैर में लगी। पुलिस टीम ने घायलवस्था में बदमाश काे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। आरोपित हिस्ट्रीशीटर और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के पंथरा गांव निवासी राहुल के पुत्र का अक्टूबर 2022 को अपहरण हो गया था। मामले को लेकर उनकी पत्नी संगीता देवी ने विजेंदर कुमार निवासी घिलोई, विवेक कुमार, आदेश निवासीगण खैराबाद-जिला फर्रुखाबाद, सागर उर्फ धर्मवीर निवासी मनिकापुर के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान 16 अक्टूबर 2022 को राहुल का शव पुलिस ने बरामद किया था। जिसके बाद हत्या की धारा बढ़ाई गई। इस मामले में पुलिस ने विजेंद्र व विवेक को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया था, जबकि सागर उर्फ धर्मवीर उर्फ धर्मा फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।

मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में धर्मवीर उर्फ धर्मा को देखा गया। वह कहीं जाने की फिराक में है। ऐसे में छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे व एसओजी टीम ने फर्रुखाबाद रोड पर चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने धर्मवीर काे रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली उसके दाहिने पैर में जा लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, 3 कारतूस, 1 खोखा और दाे हजार रुपये बरामद किए। उसके खिलाफ 8 केस कन्नौज जिले में और दाे मुकदमें फर्रुखाबाद जिले में दर्ज है। वह क्षेत्र में आतंक का पर्याय बना हुआ था।पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा