लखनऊ पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को किया गिरफ्तार
लखनऊ, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। वह शातिर लुटेरा है। पुलिस को उसकी काफी दिनों से तलाश थी।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण अमित कुमार आनंद ने मंगलवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि थाना कृष्णानगर व सर्विलांस सेल ने सयुंक्त कार्रवाई करते हुए मल्हौर निवासी कुलदीप को गिरफ्तार किया है। उसके पास से आठ लाख रुपये के जेवर अन्य सामान बरामद किया है। वहीं, पुलिस की जांच में प्रकाश में आये अभियुक्त शुभम सोनी और विपिन को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। कुलदीप फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अभियुक्त के खिलाफ लखनऊ के पीजीआई, कृष्णानगर के थानों में सात मुकदमें दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी के बाद कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

