प्रतापगढ़: मुठभेड़ में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार
प्रतापगढ़, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में चार अप्रैल को हुए पंकज शुक्ला हत्याकांड के इनामी दो आरोपितों को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। सांक्ष्य संकलन के समय भागने के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने के जवाब में पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया। उसका एक साथी पकड़ा गया।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि एसटीएफ टीम ने हत्या के आराेपित विवेक पाण्डेय उर्फ ऋषिक और विपिन त्रिपाठी को गिरफ्तार कर अन्तू थाना पुलिस के सुपुर्द किया था। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामदगी के लिए पुलिस आरोपितों को लेकर बैजलपुर पुल के पास पहुंची थी। इस दौरान अभियुक्त विवेक ने अचानक पुलिस टीम को धक्का देकर अवैध तमंचे से जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त विवेक पाण्डेय के दाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल अभियुक्त को तत्काल इलाज के लिए जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सह अभियुक्त विपिन तिवारी को सकुशल गिरफ्तार रखा गया ।
एसपी ने बताया कि आरोपित के कब्जे से एक अवैध तमंचा जिन्दा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किया गया है। दोनों आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इन लोगों ने पंकज शुक्ला की हत्या की थी, जिसके बाद से यह फरार चल रहे थे। ----------------
------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

