home page

एसटीएफ के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी बदमाश

 | 
एसटीएफ के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी बदमाश


प्रयागराज, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) की प्रयागराज फील्ड इकाई ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश मोहम्मद आमिर को जनपद प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया है। वह गौ वध अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहा था और इनाम घोषित होने के बाद से फरार था।

एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने रविवार को बताया कि एक सूचना के बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद आमिर मूलरूप से जनपद प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र स्थित सराय केशव उर्फ बागी गांव का निवासी है। हालांकि इनाम घोषित होने के बाद वह अपने ननिहाल बहरिया थाना क्षेत्र के फाजिलाबाद उर्फ कालूपुर में रह रहा था। उसका हाल पता नवाबगंज थाना क्षेत्र के आधारगंज लाल गोपालगंज बताया गया है।

उन्हाेंने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध वर्ष 2026 में जनपद प्रतापगढ़ के देल्हूपुर थाने में गाय चोरी, गौवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल—बदलकर रह रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को सौंप दिया गया है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल