लखनऊ में 50-50 हजार रुपये के दाे इनामी आरोपित गिरफ्तार
लखनऊ, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना की पुलिस ने मोहनलालगंज थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की सयुंक्त कार्रवाई में 50-50 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों ने वृन्दावन योजना में मकान बेचने के नाम पर लगभग 74 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। इस मामले में थाना में मुकदमा दर्ज था।
थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों की पहचान सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के पटेल नगर निवासी सुनील कुमार शुक्ला और विपिन कुमार शुक्ला के रुप में हुई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये के पुरस्कार घोषित था।
उन्नाव की रहने वाली गायत्री देवी ने बताया कि थाना पीजीआई पर लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि आरोपित सुनील कुमार शुक्ला, रवि सिंह, सर्वेश कुमार पाण्डेय, गौरव अवस्थी, विपिन कुमार शुक्ला, रीतू सिंह, कंचनलता उर्फ अंजना एवं अन्य व्यक्तियों ने एक संगठित गिरोह बनाकर वृन्दावन योजना स्थित मकान बेचने के नाम पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर लिया। उन दस्तावेज के जरिए उन्हें आश्वासन देकर उनसे करीब 74 लाख रुपये हड़प लिए हैं। विवेचना के दौरान प्रकरण में संलिप्त चार आरोपितों के विरुद्ध पूर्व में वैधानिक कार्यवाही की जा चुकी है। वर्तमान में मुकदमे के नामजद एवं वांछित आरोपित सुनील और विपिन को शुक्रवार की देर रात किसान पथ की सर्विस लेन के पास से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपितों ने अपना गुनाह स्वीकार लिया है। आरोपितों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

