home page

लखनऊ में 50 हजार का इनामी आराेपित गिरफ्तार

 | 
लखनऊ में 50 हजार का इनामी आराेपित गिरफ्तार


लखनऊ, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखनऊ जनपद की क्राइम ब्रांच टीम ने 50 हजार के इनामी आराेपित काे गिरफ्तार किया है। वह चोरी के प्रयास के दौरान परिवार पर हमला करने के आरोप में फरार चल रहा था। उसकी तलाश में टीमें दबिश दे रही थीं। इस मामले में पांच आराेपित पहले से गिरफ्तार किये जा चुके हैं।

अपर पुलिस उपायुक्त अपराध किरन यादव ने सोमवार को बताया कि इंदिरानगर थाना क्षेत्र में 25 जुलाई को एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसके घर के पीछे की दीवार से अंदर कूदकर चोरी का प्रयास किया गया। चोरी के प्रयास के दौरान विरोध करने पर आराेपिताें ने घर में मौजूद वादी की मां, पिता एवं बहन के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और भाग निकले।

एडीसीपी अपराध ने बताया कि क्राइम ब्रांच लखनऊ को घटना के अनावरण एवं आराेपिताें की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया। लगातार किए गए प्रयासों एवं उपलब्ध तकनीकी सूचनाओं के आधार पर घटना में शामिल आराेपिताें की पहचान की गई। विवेचना के दौरान कुल 06 आराेपिताें की संलिप्तता प्रकाश में आई। इसके आधार पर क्राइम ब्रांच और थाना इन्दिरानगर थाना पुलिस टीमाें ने आराेपित उदयराज, विनोद वर्मा, फिरोज उर्फ बाबर उर्फ इम्तियाज़ उर्फ माथू, बिरजू उर्फ राजकुमार काे आठ अगस्त को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, 25 हजार रुपये के इनामी सीतापुर निवासी आराेपित सुरेश पासी उर्फ सुरेश रावत को 28 अगस्त को गिरफ्तार कर जिला कारागार भेजा गया। उनका छठवां साथी सीतापुर निवासी दरबारी उर्फ ननकून्ना लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी क्रम में चार अक्टूबर को 50 हजार रुपये के इनामी वांछित आराेपित दरबारी उर्फ ननकून्ना को लखनऊ के जरहरा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आराेपित दरबारी उर्फ ननकुन्ना सीतापुर का हिस्ट्रीशीटर है एवं गैंग का सदस्य भी है। उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, एनडीपीएस एक्ट, शस्त्र अधिनियम एवं गैंगस्टर एक्ट सहित 19 कई गंभीर अभियोग पंजीकृत हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक