home page

लखनऊ : क्राइम ब्रांच ने 50 हजार के इनामी आरोपित को गिरफ्तार किया

 | 
लखनऊ : क्राइम ब्रांच ने 50 हजार के इनामी आरोपित को गिरफ्तार किया


लखनऊ, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड थाना में दर्ज एक मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित को क्राइम ब्रांच की टीम ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो लाख 10 हजार रुपये नकद बरामद किया गया है।

अपर पुलिस उपायुक्त अपराध किरन यादव ने बताया कि पांच अप्रैल को विभूतिखंड थाना में गुजरात के रहने वाले एक व्यक्ति ने लूट का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से सर्विलांस और क्राइम ब्रांच की टीम आरोपित की तलाश कर रही थी। 10 अप्रैल को पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके कब्जे से 45 लाख रुपये बरामद कर लिया था। साथ ही अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। फरार आरोपित पर 50—50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। शनिवार को सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने गोमतीनगर निवासी सुमित गुप्ता को इंदिरानगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपित के पास से दो लाख 10 हजार रुपये बरामद कर लिये हैं। आरोपित को जेल भेजते हुए उसके साथी की तलाश की जा रही है।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक