कानपुर: पांच साल से फरार 10 हजार का इनामी गिरफ्तार
कानपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। कल्याणपुर पुलिस ने एक युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पांच साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश काे संत कबीरनगर से गिरफ्तार किया है। उसे गुरुवार को न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपित को जेल भेज दिया।
एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि मामला 14 जून 2021 का है। सत्यम विहार, केशवपुरम निवासी यतींद्र कुमार तिवारी उर्फ नितिन का शव उसके मकान में मिला था। नितिन के पिता दुर्गा प्रसाद तिवारी की तहरीर पर मजहर अली के खिलाफ कल्याणपुर थाना में आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस को नितिन का सुसाइड नोट मिला। इसमें माया देवी, उसके पति राजकिशोर और मजहर अली समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए थे। जांच में पता चला कि नितिन से आउटसोर्सिंग के जरिये नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये लिए थे। नौकरी नहीं लगने पर नितिन रकम वापस मांग रहा था।
नितिन की मौत के बाद मजहर अली पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए फरार हो गया। उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए कई जगह ठिकाने बदले और अपनी पहचान छिपाकर रहने लगा। काफी समय तक हाथ नहीं आने पर पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
इस पुलिस को सूचना मिली कि मजहर संतकबीरनगर के खलीलाबाद थाना क्षेत्र स्थित बिटवा मोहल्ला, मोतीनगर (रोशन नगर) में अपने घर आने वाला है। सूचना पर कल्याणपुर पुलिस की टीम वहां पहुंची और उसके आने का इंतजार करने लगी। देर रात घर पहुंचते ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
मामले में माया देवी और उसके पति राजकिशोर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मजहर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके द्वारा की गई भूमिका और रुपये के लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

