लखनऊ में अलग-अलग जगह पर दाे लड़कियों से दुष्कर्म, एक आराेपित गिरफ्तार व नाबालिग पुलिस संरक्षण में
लखनऊ, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अलग—अलग थानाक्षेत्र में दो लड़कियों से दुष्कर्म करने की घटना सामने आई है। एक घटना में जहां शादी का झांसा देकर लड़की से दुष्कर्म किया गया है तो वहीं दूसरी घटना में एक नाबालिग ने मासूम लड़की के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की है।
मदेयगंज थाना में तैनात उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने मंगलवार काे बताया कि एक युवती ने तहरीर देकर बताया कि सरोजनीनगर के आजादनगर निवासी अमित गुप्ता से कुछ दिन पहले मुलाकात हुई थी। उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अब वो शादी से मुकर गया। जब उसने इस मामले में लड़के के परिवार से शिकायत की तो उसने और उसके घरवालों ने गाली—गलौज व जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद आरोपित अपनी मां बहन और वकील के साथ थाने पहुंचा और आपबीती बयां की। आरोपित ने अपना जुर्म स्वीकारते हुए गलती की माफी भी मांगी है। इसके बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
इसी तरह दुबग्गा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म की घटना प्रकाश में आयी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और संबंधित पक्षों से आवश्यक जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर नाबालिग लड़के को पुलिस संरक्षण में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रकरण की जांच निष्पक्ष एवं गहनता से की जा रही है। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

