नानी के घर आई युवती से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आराेपित गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी, 16 अगस्त (हि.स.)। जनपद के थाना कोतवाली सदर क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला गढ़ी में नानी के घर आई एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और घटना के महज 24 घंटे के भीतर तीन नामजद आराेपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया ।
पुलिस अधीक्षक खीरी, डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि पीड़िता कुछ दिन पूर्व ही अपने ननिहाल आई हुई थी, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली सदर में संबंधित धाराओं में तीन नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
घटना की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर तीन नामजद अभियुक्त बेगम बाग गढ़़ी निवासी सिद्धार्थ (22), मधुमेश मिश्रा एवं विशु कनौजिया (19) को देवकली रोड पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

