सर्राफ को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर दो लाख वसूलने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों पर केस, दो गिरफ्तार
शाहजहांपुर, 6 सितंबर (हि.स.) उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के परशुरामपुरी थाना क्षेत्र निवासी एक सर्राफा व्यापारी को कथित रूप से मादक पदार्थ तस्करी के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर दो लाख रुपये वसूलने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ रविवार को थाना परशुरामपुरी पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपित पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य फरार बताए जा रहे हैं।
परशुरामपुरी थाना क्षेत्र के कानूनगोयान निवासी सर्राफा व्यापारी सुन्दरम क्षत्रिय ने अधिकारियों को दी शिकायत में आरोप लगाया कि चार सितंबर की रात फोन के जरिए उसे बुलाया गया। इसके बाद सादा कपड़ों में आए पुलिसकर्मी अरुण चित्तौड़िया, पंकज, तुषार और वीरेंद्र उसे भटादेवर रोड की ओर ले गए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वहां उसकी तलाशी लेने के बाद पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से एक पॉलिथीन उसकी मोटरसाइकिल में रख दी और उसे मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद उसे बिरियागंज पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां कथित रूप से उसके साथ मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ना की गई तथा स्मैक बरामदगी का वीडियो बनाने का प्रयास किया गया।
व्यापारी ने आरोप लगाया कि झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी देकर उसके पिता और परिजनों से दो लाख रुपये की मांग की गई। शिकायत के मुताबिक, रात करीब डेढ़ बजे कथित रूप से रुपये देने के बाद उसे छोड़ दिया गया। व्यापारी ने घटना से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने का भी दावा किया है।
रविवार को मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने जांच कराई।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार के अनुसार, क्षेत्राधिकारी परशुरामपुरी और क्षेत्राधिकारी तिलहर द्वारा की गई जांच में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पुलिसकर्मी वीरेंद्र और पंकज को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अरुण चित्तौड़िया और तुषार फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

