अमेठी: वांछित अपराधी के खिलाफ पुलिस ने की धारा 82 की कार्रवाई
अमेठी, 02 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के कोतवाली अंतर्गत दलशाहपुर मजरे सैदपुर गांव में हत्या, हत्या के प्रयास और आपराधिक षड्यंत्र समेत कई गंभीर मामलों में वांछित एवं फरार चल रहे आराेपित के खिलाफ पुलिस ने गंभीर धाराओं में कार्रवाई की है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपित के घर सहित सार्वजनिक स्थानों पर नोटिस चस्पा करने के साथ ही गांव में डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई है ।
यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में दाे सितंबर बुधवार को क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज मिश्रा के नेतृत्व में थाना अमेठी के थाना प्रभारी शिवाकान्त त्रिपाठी मय हमराह द्वारा की गई है ।
थाना प्रभारी ने बताया कि थाना अमेठी में दर्ज मुकदमे में सैदपुर दलशाहपुर निवासी
शीतला सिंह उर्फ शीतला बक्श सिंह वांछित है। आरोपित के विरुद्ध मुकदमा न्यायालय सुल्तानपुर से धारा 82 की नोटिस प्राप्त होने के बाद उसके घर, पंचायत भवन एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर गवाहों की मौजूदगी में नोटिस चस्पा कर तामील कराया गया। इसके साथ ही नियमानुसार लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्राम सैदपुर दलशाहपुर में आरोपित के फरार होने की मुनादी कराई गई। पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस के मुताबिक यदि आरोपित भविष्य में गिरफ्तार होकर अथवा न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके खिलाफ धारा 83 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

