पाॅक्सो एक्ट के वांछित अभियुक्त को गौरीबाजार पुलिस ने किया गिरफ्तार
देवरिया, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में गौरीबाजार पुलिस ने पाॅक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में वांछित अभियुक्त को शनिवार को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय ने बताया कि थानाध्यक्ष डॉ. महेन्द्र कुमार द्वारा गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त सचिन निषाद (19) पुत्र रामसमुझ निषाद निवासी जंगल पिपरा थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया को गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर की सूचना पर गौरी बाजार कस्बे के पुराने बस स्टैंड के पास से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 28 मार्च 2026 को वादी जवाहिर गुप्ता पुत्र चीगानु गुप्ता द्वारा थाना गौरीबाजार में तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि 30 जनवरी 2026 को उसकी नाबालिग पुत्री को अभियुक्त बहला-फुसलाकर भगा ले गया। इस सूचना पर थाना गौरीबाजार में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस ने पीड़िता को आठ मई 2026 को सकुशल बरामद कर लिया था। इसके बाद से अभियुक्त की तलाश लगातार की जा रही थी।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

