home page

सुलतानपुर में बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या

 | 
सुलतानपुर में बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या


सुलतानपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित बेलगरा गांव में शनिवार की बीती रात काे एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छोटी बेटी की शादी 21 अप्रैल को तय है और पिता की हत्या से शादी वाले घर में मातम पसर गया।

क्षेत्राधिकारी आरके चतुर्वेदी ने रविवार को बताया कि जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित बेलगरा गांव निवासी विजय प्रताप सिंह (58) तीन वर्षों से पैरालिसिस से पीड़ित थे। इस कारण वह चलने-फिरने में असमर्थ थे। कुछ दिन पहले ही इलाज कराकर घर लौटे थे। शनिवार बीती रात को वह घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे, तभी रात 2 बजे हमलावरों ने उनकी कनपटी पर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते ही परिजन जग गए और शोर मचाया। इस बीच हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग चुके थे। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक चारु निगम मौके पर पहुंचीं और घटना की जानकारी ली। फाॅरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किया।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि परिजनों ने फिलहाल किसी प्रकार की रंजिश से इनकार किया है। जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। मृतक के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा अंकुर सिंह गैर जनपद में दारोगा है। मझला बेटा आकाश सिंह और छोटा बेटा विकास सिंह है। उनकी दो बेटी हैं। पहली बेटी गुंजा सिंह की शादी हो गई है और सोनम सिंह की बारात 21 अप्रैल को आना था। पत्नी तारा देवी समेत परिवार का रो-रोकर हाल बेहाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त