प्रतापगढ़ में अधेड़ की गोली मारकर की हत्या
प्रतापगढ़, 02 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मांधाता कोतवाली क्षेत्र स्थित रामनगर गांव में सोमवार को एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि मृतक की पहचान गांव निवासी मो. सलीम (55) के रूप में हुई है। वह मुंबई में रहकर वाहन चलाने का काम करता था और करीब डेढ़ माह पहले ही अपने घर लौटा था। सोमवार को सलीम की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों ने हत्या का आरोप पड़ोसी पर लगाया है। उनका कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। मांधाता कोतवाली के एसओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को ही हत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि तीन हमलावरों के वारदात को अंजाम दिए जाने की जानकारी मिली है। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की कांबिंग कराई जा रही है। जल्द ही आरोपित गिरफ्त में होंगे।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

