कार का शीशा तोड़कर तीन लैपटॉप और कीमती सामान चोरी
नोएडा, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में थाना सूरजपुर में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने दोस्तों के साथ खाना खाने गए थे। उन्होंने तथा उनके दोस्तों ने अपने-अपने लैपटॉप उनकी कार में रख दिए थे। इसी बीच अज्ञात बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर तीन लैपटॉप और अन्य सामान चोरी कर लिया है।
थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि आदित्य पुत्र सुभाष चौहान ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने दोस्तों के साथ पैरामाउंट सोसायटी में स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। उन्होंने सोसाइटी के बाहर अपनी कार खड़ी कर दी। दोस्तों के साथ खाना खाने चले गए। पीड़ित के अनुसार जब वह खाना खाकर बाहर निकले तो उन्होंने देखा कि कार का शीशा टूटा है। कार में रखे तीन लैपटॉप, नकदी और अन्य कीमती सामान भी गायब था। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना फेस-तीन के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को निकिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मामूरा गांव सेक्टर 66 की एक पीजी में रहती हैं। पीड़िता के अनुसार वह अपने कमरे में सोई थी। इसी बीच अज्ञात बदमाशों ने उनके घर में घुसकर घर में रखे हुए दो लैपटॉप, स्मार्ट वॉच, ईयर फोन, लैपटॉप बैग और सैमसंग कंपनी का टैब चोरी कर लिया। उन्होंने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस पीजी में लगे सीसीटीवी कैमरे की सहायता से बदमाशों की तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

